दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता गंभीर स्तर पर पहुंचने के बीच पूर्व AIIMS निदेशक और पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. रंदीप गुलेरिया ने मौजूदा स्थिति को ‘साइलेंट एपिडेमिक’ बताया है. उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण अस्पतालों की ओपीडी और इमरजेंसी में सांस से जुड़ी शिकायतों वाले मरीजों की संख्या लगभग 20% बढ़ी है.

डॉ. गुलेरिया के मुताबिक अस्थमा, COPD और हृदय रोग से जूझ रहे मरीजों में सांस लेने में परेशानी और सीने में जकड़न बढ़ रही है. स्वस्थ लोग भी गले में जलन, खांसी, घरघराहट और सांस लेने में कठिनाई की शिकायत कर रहे हैं. बच्चों और बुजुर्गों को उन्होंने अधिक जोखिम वाला समूह बताया.

उन्होंने कहा कि PM2.5 जैसे सूक्ष्म कण रक्तप्रवाह में पहुंचकर सूजन पैदा कर सकते हैं और हृदयाघात का खतरा बढ़ा सकते हैं. लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से फेफड़ों के कैंसर का जोखिम भी बढ़ने के संकेत हैं, जिसमें धूम्रपान न करने वाले लोग भी शामिल हैं.

गुलेरिया ने लोगों को AQI खराब होने पर बाहर निकलने से बचने, जरूरी होने पर N95 मास्क पहनने, खुले में व्यायाम न करने और बच्चों को बाहर खेलने से रोकने की सलाह दी. उन्होंने वाहनों, निर्माण, पराली जलाने और मौसम संबंधी परिस्थितियों पर एक साथ कार्रवाई को दीर्घकालिक समाधान बताया.