दिल्ली की वायु गुणवत्ता मंगलवार, 17 नवंबर को ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है और आने वाले समय में इसके ‘बहुत खराब’ स्तर तक पहुंचने का अनुमान है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 275 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. एक दिन पहले यह आंकड़ा 290 था.
वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार के बावजूद शहर के कई निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर ‘बहुत खराब’ और ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया. वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 नवंबर से प्रदूषण बढ़ने की संभावना है और अगले कुछ दिनों तक हवा बहुत खराब रह सकती है.
विशेषज्ञों के अनुसार, कमजोर हवाएं, गिरता तापमान और सुबह के समय धुंध प्रदूषकों को सतह के करीब रोक सकती है. मौसम संबंधी परिस्थितियां प्रतिकूल रहने पर दिल्ली-एनसीआर में सांस संबंधी परेशानी बढ़ने की आशंका है. बच्चों, बुजुर्गों और पहले से हृदय या फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे लोगों को बाहर निकलते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
