नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया है. उसके सामान से 12.85 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.5 करोड़ रुपये बताई गई है.
अधिकारियों के अनुसार, यात्री को 6 अक्टूबर को टर्मिनल-3 पर प्रोफाइलिंग के आधार पर रोका गया था. उसके मेटलिक सिल्वर रंग के ट्रॉली बैग की जांच के दौरान 13 पॉलीथिन पाउच मिले. इनमें संदिग्ध मादक पदार्थ भरा हुआ था.
सीमा शुल्क विभाग ने बरामद पदार्थ को जब्त कर लिया है. यात्री के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 की धारा 43(बी) के तहत गिरफ्तारी की गई. जब्ती की कार्रवाई इसी कानून की धारा 43(ए) के तहत की गई है.
अधिकारियों ने पदार्थ को संदिग्ध गांजा बताया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
