दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में एक युवक ने बिना वैध यात्रा दस्तावेज के जबरन प्रवेश करने की कोशिश की. CISF के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे की है. युवक को सुरक्षा बल के जवानों ने कुछ ही सेकंड में पकड़ लिया.
अधिकारियों के मुताबिक, युवक हरियाणा का रहने वाला है और पूछताछ के लिए उसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह विदेश जाने की इच्छा में एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करना चाहता था.
CISF ने बताया कि युवक ने डिपार्चर गेट से टर्मिनल के अंदर घुसने की कोशिश की. एक जवान ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह आगे बढ़ गया. इसके बाद क्विक रिस्पॉन्स टीम की मदद से उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया.
बैग से दस्तावेज बरामद
सुरक्षा बल को युवक के बैग से कुछ पहचान-पत्र और शैक्षणिक प्रमाणपत्र मिले हैं. मामले में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक के खिलाफ कौन-कौन से कानूनी प्रावधान लगाए गए हैं.
एयरपोर्ट के टर्मिनल में प्रवेश के लिए यात्रियों को वैध यात्रा दस्तावेज और पहचान-पत्र दिखाना होता है. IGI एयरपोर्ट को संवेदनशील सुरक्षा प्रतिष्ठान माना जाता है और यहां CISF सुरक्षा व्यवस्था संभालती है.
