नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-3 में बिना वैध यात्रा दस्तावेज प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक युवक को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने पकड़ लिया. अधिकारियों के अनुसार, घटना 18 नवंबर को करीब दोपहर 3 बजे प्रस्थान द्वार पर हुई.
हरियाणा के सोनीपत निवासी युवक की पहचान कुणाल के रूप में हुई है. रिपोर्टों के अनुसार, वह विदेश जाना चाहता था, लेकिन उसके पास वैध वीजा या जरूरी यात्रा दस्तावेज नहीं थे. वह प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर टर्मिनल के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था.
CISF की ओर से साझा किए गए वीडियो में युवक को कुछ मीटर अंदर जाते और सुरक्षाकर्मियों द्वारा पीछा कर रोकते देखा जा सकता है. क्विक रिस्पॉन्स टीम की मदद से उसे कुछ ही सेकंड में काबू कर लिया गया.
अधिकारियों के मुताबिक, उसके बैग से पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य कागजात मिले. युवक को पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है. CISF ने त्वरित कार्रवाई को संभावित सुरक्षा उल्लंघन रोकने में महत्वपूर्ण बताया.
