नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में बिना वैध यात्रा दस्तावेज प्रवेश की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को CISF ने पकड़ लिया. घटना बुधवार, 18 नवंबर को करीब दोपहर 3 बजे प्रस्थान द्वार पर हुई.
अधिकारियों के अनुसार, व्यक्ति ने सुरक्षा जांच से आगे बढ़ते हुए टर्मिनल में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की. ड्यूटी पर तैनात CISF कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया. इसके बाद अतिरिक्त बल और Quick Reaction Team (QRT) की मदद से उसे कुछ ही सेकंड में काबू कर लिया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पकड़ा गया व्यक्ति हरियाणा का रहने वाला है. CISF ने उसे पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है. उसके बैग से कुछ पहचान संबंधी दस्तावेज और शैक्षणिक प्रमाणपत्र बरामद होने की बात भी सामने आई है.
एयरपोर्ट के टर्मिनल में प्रवेश के लिए यात्रियों को वैध टिकट या अन्य यात्रा दस्तावेज के साथ पहचान पत्र दिखाना होता है. अधिकारियों ने CISF कर्मियों की त्वरित कार्रवाई को संभावित सुरक्षा उल्लंघन रोकने में अहम बताया.
