नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने एक व्यक्ति को जबरन प्रवेश करने की कोशिश के दौरान पकड़ लिया. घटना बुधवार, 18 नवंबर को प्रस्थान द्वार पर हुई.

CISF के अनुसार, व्यक्ति के पास वैध यात्रा दस्तावेज नहीं थे और उसने सुरक्षा जांच के बाद ही टर्मिनल में प्रवेश की अनिवार्य प्रक्रिया का पालन नहीं किया. ड्यूटी पर तैनात CISF कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की. उसके आगे बढ़ने का प्रयास करने पर Quick Reaction Team (QRT) भी मौके पर पहुंची और संयुक्त कार्रवाई में उसे कुछ ही सेकंड में काबू कर लिया गया.

CISF ने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से अनधिकृत प्रवेश रोका गया और संभावित सुरक्षा चूक टल गई. बाद में व्यक्ति को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, व्यक्ति हरियाणा का रहने वाला है. हालांकि, उसकी पहचान, प्रवेश की कोशिश के पीछे का कारण और उसके खिलाफ लगाए गए संभावित आरोपों की आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है.