नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में बिना वैध यात्रा दस्तावेज प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को CISF ने पकड़ लिया. घटना 18 नवंबर को करीब दोपहर 3:05 बजे डिपार्चर गेट 3A पर हुई.

CISF के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला व्यक्ति गेट पर पहुंचा था. ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक काशीनाथ प्रमाणिक ने उससे टिकट और पहचान पत्र दिखाने को कहा. आरोप है कि व्यक्ति ने निर्देशों की अनदेखी की और टर्मिनल में जबरन घुसने का प्रयास किया.

CISF कर्मियों ने क्विक रिस्पॉन्स टीम की मदद से उसे कुछ ही सेकंड में रोक लिया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सुरक्षाकर्मी व्यक्ति को प्रवेश द्वार के पास पकड़ते दिख रहे हैं.

CISF ने बताया कि व्यक्ति को आगे की पूछताछ और सत्यापन के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है. उसके बैग की प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन, आधार और पैन कार्ड, शैक्षणिक एवं खेल प्रमाणपत्र तथा भर्ती और उच्च शिक्षा से जुड़े आवेदन फॉर्म मिले. मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है.