नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के Terminal 3 में बिना वैध यात्रा दस्तावेज प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को CISF ने पकड़ लिया. घटना बुधवार, 18 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे Departure Gate पर हुई.

अधिकारियों के अनुसार, हरियाणा का रहने वाला व्यक्ति सुरक्षा कर्मियों को धक्का देकर टर्मिनल के अंदर जाने लगा. वह कुछ मीटर तक आगे बढ़ पाया, लेकिन CISF जवानों और Quick Reaction Team ने कुछ ही सेकंड में उसे रोक लिया.

CISF ने घटना का वीडियो जारी किया है, जिसमें सुरक्षाकर्मी व्यक्ति को काबू करते दिखाई दे रहे हैं. बल के अनुसार, कार्रवाई से अनधिकृत प्रवेश और संभावित सुरक्षा उल्लंघन टल गया.

व्यक्ति को पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि उसके बैग से कुछ पहचान दस्तावेज और शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी मिले हैं.

एयरपोर्ट सुरक्षा नियमों के तहत यात्रियों को टर्मिनल में प्रवेश से पहले वैध यात्रा दस्तावेज और पहचान-पत्र दिखाना होता है. एयरपोर्ट कर्मचारियों के लिए भी आधिकारिक पहचान-पत्र अनिवार्य है.