नई दिल्ली. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के Terminal 3 में बिना वैध यात्रा दस्तावेज दाखिल होने की कोशिश कर रहे हरियाणा के एक व्यक्ति को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने पकड़ लिया. घटना बुधवार, 18 नवंबर को करीब दोपहर 3 बजे Departure Gate पर हुई.
CISF के मुताबिक, व्यक्ति ने सुरक्षा कर्मियों की रोक के बावजूद टर्मिनल में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की. मौके पर तैनात जवानों ने उसे रोकने का प्रयास किया और Quick Reaction Team (QRT) की मदद से कुछ ही सेकंड में काबू कर लिया. इस दौरान वह प्रवेश द्वार से कुछ मीटर अंदर तक पहुंच गया था.
CISF ने घटना का एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें व्यक्ति सुरक्षा कर्मियों को धक्का देकर आगे बढ़ने की कोशिश करता दिख रहा है. अधिकारियों के अनुसार, उसे पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उसके बैग से पहचान संबंधी दस्तावेज और शैक्षणिक प्रमाणपत्र मिले. Terminal 3 में प्रवेश के लिए यात्रियों को वैध यात्रा दस्तावेज और पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होता है.
