दिल्ली में रविवार को हवा की गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई. शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 187 रहा, जो पिछले 83 दिनों का सबसे खराब स्तर है. हालांकि, यह स्तर अभी भी ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. इससे पहले 13 जुलाई को दिल्ली का AQI 246 दर्ज किया गया था.
सरकारी ‘समीर’ ऐप के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के 16 निगरानी स्टेशनों पर हवा ‘खराब’ श्रेणी में रही. मुंडका सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में रहा, जहां AQI 273 तक पहुंच गया. नरेला में भी AQI करीब 275 दर्ज किया गया. दिल्ली के 26 अन्य स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रही, जबकि बुराड़ी में यह ‘संतोषजनक’ दर्ज की गई.
तापमान भी सामान्य से अधिक
प्रदूषण के साथ दिल्ली में गर्मी का असर भी बना रहा. रविवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है. न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री रहा और यह सामान्य से 1.8 डिग्री ऊपर था.
आयानगर में दिन का सबसे अधिक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. सफदरजंग में 36.4 डिग्री, लोधी रोड में 36.3 डिग्री और पालम में 34.6 डिग्री तापमान रहा. न्यूनतम तापमान के लिहाज से रिज सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां पारा 21 डिग्री तक गिरा.
तीन राज्यों में पराली जलाने के मामले
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के आंकड़ों के अनुसार, 15 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में पराली जलाने की 203 घटनाएं दर्ज की गईं. अकेले 3 अक्टूबर को पंजाब में 1, उत्तर प्रदेश में 12 और मध्य प्रदेश में 15 मामले सामने आए.
दिल्ली में इस सीजन में पराली जलाने की पहली और अब तक की एकमात्र घटना 19 सितंबर को दर्ज की गई थी. मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान साफ रहने और तापमान 36 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है.
