दीपावली से पहले दिल्ली की हवा बेहद खराब हो गई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 366 दर्ज किया गया. यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. हालांकि, शहर का औसत AQI गंभीर श्रेणी की सीमा से नीचे रहा, लेकिन 22 निगरानी केंद्रों पर AQI 400 से अधिक दर्ज किया गया.
आरके पुरम में सबसे अधिक AQI 442 दर्ज हुआ, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में है. स्टेशनवार आंकड़ों के मुताबिक, 29 केंद्रों पर AQI 300 से ऊपर और आठ केंद्रों पर 200 से अधिक रहा. CPCB के वर्गीकरण में 301 से 400 के बीच AQI को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है.
दिल्ली-एनसीआर में GRAP का तीसरा चरण लागू
बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू किया. इसके तहत धूल पैदा करने वाली कई निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर रोक रहेगी. इनमें खुदाई, पाइलिंग, ढहाने का काम, ईंट-चिनाई, सड़क निर्माण, पेंटिंग और कच्ची सड़कों पर निर्माण सामग्री की आवाजाही शामिल है.
मेट्रो, रेलवे, हवाई अड्डे, अस्पताल और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी कुछ जरूरी परियोजनाओं को प्रदूषण नियंत्रण नियमों के पालन की शर्त पर छूट दी गई है. एनसीआर में स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियां भी बंद रहेंगी.
वाहनों के मामले में दिल्ली तथा गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल चार पहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश है. जरूरी वस्तुएं ले जाने या आवश्यक सेवाएं देने वाले कुछ डीजल मालवाहक वाहनों को छूट दी गई है.
स्कूलों और कार्यालयों के लिए विकल्प
GRAP-III के तहत कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई, जहां ऑनलाइन व्यवस्था संभव हो, हाइब्रिड मोड में कराने का प्रावधान है. ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प विद्यार्थियों और अभिभावकों के पास रहेगा. दिल्ली तथा एनसीआर की सरकारें सार्वजनिक, नगर निकाय और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम कराने और बाकी को घर से काम की अनुमति देने पर निर्णय ले सकती हैं.
CAQM ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने, छोटी दूरी के लिए पैदल चलने या साइकिल का इस्तेमाल करने, वाहनों की साझा यात्रा करने और अनावश्यक आवाजाही कम करने की अपील की है. कोयले और लकड़ी से हीटिंग से बचने तथा सांस संबंधी बीमारी वाले लोगों को प्रदूषण के संपर्क को सीमित रखने की सलाह दी गई है.
