दिवाली के दिन दिल्ली की वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार रविवार को राजधानी का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 376 दर्ज किया गया. AQI का 301 से 400 के बीच होना ‘बेहद खराब’ श्रेणी माना जाता है.

राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंचा, जिसे गंभीर श्रेणी में रखा जाता है. घने धुंध और धुएं के कारण दृश्यता भी प्रभावित हुई.

9 नवंबर से और बिगड़ सकती है स्थिति

दिल्ली के लिए एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम के अनुमान के मुताबिक 9 नवंबर से हवा गंभीर श्रेणी में जा सकती है और यह स्थिति कुछ दिनों तक बनी रहने की आशंका है. प्रतिकूल मौसम और प्रदूषकों के कम फैलाव को वायु गुणवत्ता बिगड़ने की प्रमुख वजहों में शामिल किया गया है.

वायु गुणवत्ता में लगातार गिरावट के बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के तीसरे चरण के तहत पाबंदियां लागू की हैं. अधिकारियों ने लोगों से प्रदूषण के स्तर को देखते हुए अनावश्यक बाहरी गतिविधियों से बचने की अपील की है.