नई दिल्ली में दिवाली से दो दिन पहले वायु गुणवत्ता तेजी से बिगड़ गई. शुक्रवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 391 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी के ऊपरी स्तर पर है और 401 के बाद शुरू होने वाली ‘गंभीर’ श्रेणी के बेहद करीब है.

शहर के 59 निगरानी केंद्रों में से 30 पर AQI गंभीर श्रेणी में दर्ज हुआ. रोहिणी में AQI 475 और IIT दिल्ली क्षेत्र में 472 तक पहुंच गया. सुबह 8 बजे दिल्ली का AQI 389 था, जो एक घंटे बाद बढ़कर 391 हो गया.

वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में 6 नवंबर को इस मौसम का पहला गंभीर वायु गुणवत्ता दिवस दर्ज हो सकता है. प्रदूषण की स्थिति 8 नवंबर, यानी दिवाली के दिन तक बनी रहने की आशंका है.

पूर्वानुमान में NCR में पराली जलाने की घटनाओं से आने वाले धुएं को प्रदूषण बढ़ने वाले कारकों में शामिल किया गया है. दिवाली के दौरान पटाखों से निकलने वाला धुआं स्थिति को और खराब कर सकता है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुबह हल्का कोहरा और करीब 30 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान का अनुमान जताया है.