दिल्ली-NCR में शुक्रवार सुबह वायु प्रदूषण बेहद गंभीर स्तर पर पहुंच गया. सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 402 दर्ज किया गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, IIT दिल्ली के मॉनिटरिंग स्टेशन पर AQI 487 रहा, जो राजधानी के सबसे खराब स्तरों में शामिल है.

दिल्ली के 33 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि 25 स्टेशनों पर हवा बेहद खराब रही. IIT दिल्ली के अलावा चांदनी चौक और नॉर्थ कैंपस में AQI 476-476, पूसा में 468 और NSUT जाफरपुर में 461 दर्ज किया गया.

NCR के शहरों में भी बिगड़ी हवा

CPCB के अनुसार, आनंद विहार में AQI 414 और ITO में 455 रहा. गाजियाबाद में यह 377, नोएडा में 369 और गुरुग्राम में 349 दर्ज किया गया. इससे पता चलता है कि प्रदूषण का असर दिल्ली के साथ आसपास के शहरों में भी व्यापक है.

11 नवंबर की सुबह दिल्ली का AQI 299 था. उसी समय नोएडा में AQI 276 और गुरुग्राम में 295 दर्ज किया गया था. इन आंकड़ों की तुलना में शुक्रवार को दिल्ली-NCR की हवा में स्पष्ट गिरावट दर्ज हुई.

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, सोमवार तक दिल्ली का AQI ‘बेहद खराब’ और ‘गंभीर’ श्रेणी के बीच रह सकता है. इसके बाद मौसम में बदलाव से प्रदूषण कम होने की संभावना जताई गई है.

प्रदूषण को देखते हुए गाजियाबाद में 20 नवंबर तक सरकारी और निजी निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. सड़कों की मशीनों से सफाई और पानी के छिड़काव को बढ़ाने को कहा गया है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं.