दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन सुधार दर्ज किया गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सुबह 8 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 238 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. सोमवार को AQI 275 और रविवार को 290 दर्ज किया गया था.

इसके बावजूद दिल्ली के 10 निगरानी केंद्रों पर हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही. सुबह 6 बजे ITO का AQI 342 दर्ज किया गया. सिरिफोर्ट और जाफरपुर में यह स्तर 349 रहा. दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में AQI 317, जबकि IIT दिल्ली और CRRI मथुरा रोड पर 307-307 दर्ज किया गया.

राजधानी में अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति लोधी रोड पर रही, जहां AQI 192 था. मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में यह 198 और नांगलोई में 208 दर्ज किया गया.

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गुरुग्राम का AQI 300 के साथ ‘बहुत खराब’ रहा. फरीदाबाद में AQI 184, ग्रेटर नोएडा में 179, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में 195-195 दर्ज किया गया.

वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (AQEWS) के अनुसार दिल्ली में PM2.5 प्रमुख प्रदूषक बना हुआ है. एजेंसी ने 17 और 18 नवंबर को PM2.5 और PM10 के स्तर में मामूली कमी का अनुमान जताया है.

यह सुधार ठंडे मौसम के बीच आया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम स्तर है.