दिल्ली में वायु प्रदूषण ने अक्टूबर के अंत में फिर चिंता बढ़ा दी. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार को शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 230 रहा. यह लगातार तीसरा दिन था, जब दिल्ली की हवा ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई.

AQI के 201 से 300 के बीच रहने पर हवा को ‘खराब’ माना जाता है. शुक्रवार को कुछ निगरानी केंद्रों पर स्थिति और गंभीर रही. पूसा में AQI 319 और आरके पुरम में 302 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आते हैं.

शनिवार सुबह स्थिति में कुछ सुधार दिखा और AQI 185 दर्ज किया गया, जिससे हवा ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गई. हालांकि, निगरानी केंद्रों के आंकड़ों में कई स्थानों पर हवा अब भी ‘खराब’ बनी हुई थी.

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 से 26 अक्टूबर के बीच दिल्ली में हवा ‘खराब’ श्रेणी में रह सकती है. अगले कुछ दिनों में तत्काल बड़े सुधार की उम्मीद नहीं जताई गई है.