दिल्ली में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 की सुबह प्रदूषण का स्तर बेहद ऊंचा बना रहा. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 307 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है.
चांदनी चौक में AQI 395 दर्ज हुआ और यह दिल्ली का सबसे प्रदूषित निगरानी स्टेशन रहा. इसके बाद सफदरजंग में 371, पंजाबी बाग में 355, आया नगर में 354 और आरके पुरम में 328 AQI दर्ज किया गया. आनंद विहार का AQI 290, अशोक विहार का 278, नरेला का 272 और इंडिया गेट-कर्तव्य पथ का 258 रहा.
दिवाली के अगले दिन कई निगरानी केंद्रों पर AQI 400 के पार पहुंच गया था. मंगलवार को मामूली सुधार के बावजूद हवा सांस लेने के लिहाज से अस्वास्थ्यकर बनी रही. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में सुबह तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहा और अगले पांच दिनों तक मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है. कम तापमान, कोहरा और धीमी हवा प्रदूषकों के बिखराव में बाधा डाल रहे हैं.
