दिल्ली खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ने कारीगरों को कौशल प्रशिक्षण देने के लिए 1.15 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है. यह पहल दिल्ली खादी कौशल विकास योजना के तहत शुरू की गई है.
टेंडर के जरिए बेकरी, हेयर स्टाइलिंग और मेकअप आर्टिस्ट जैसे तीन क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने वाली एजेंसियों का चयन किया जाएगा. इच्छुक एजेंसियां 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन बोली जमा कर सकती हैं.
टेंडर में सोसायटी, एनजीओ, ट्रस्ट, साझेदारी फर्म, निजी और सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों, सरकारी संस्थानों, सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों, विश्वविद्यालयों और मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण संस्थानों को आवेदन का अवसर दिया गया है.
आवेदन करने वाली संस्थाओं के पास संबंधित क्षेत्र में प्रशिक्षण देने के लिए जरूरी संबद्धता या मान्यता होना अनिवार्य है. टेंडर दस्तावेज दिल्ली सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल और दिल्ली खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं.
बोर्ड के अनुसार, चयनित एजेंसियों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. इसके बाद प्रशिक्षण लक्ष्य आवंटित करने और भुगतान की प्रक्रिया संबंधित दस्तावेजों में तय शर्तों के अनुसार पूरी की जाएगी.
