दिल्ली सरकार ने राजधानी की 6,690 आशा कार्यकर्ताओं के मासिक प्रोत्साहन भत्ते को दोगुना करने की घोषणा की है. अब उन्हें हर महीने 3,000 रुपये के बजाय 6,000 रुपये मिलेंगे. यह ऐलान त्यागराज स्टेडियम में आयोजित आशा सम्मेलन-2026 के दौरान किया गया. कार्यक्रम में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मौजूद रहे.

सरकार के मुताबिक, आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि भत्ता बढ़ाने का मुद्दा करीब एक दशक से लंबित था. सरकार का दावा है कि यह फैसला कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देने की दिशा में उठाया गया है.

नवजातों की 63 बीमारियों की स्क्रीनिंग

कार्यक्रम में ‘मिशन अनमोल’ के विस्तार की भी शुरुआत की गई. इसके तहत जन्म के 24 से 72 घंटे के भीतर नवजात शिशुओं की 63 जन्मजात बीमारियों की मुफ्त स्क्रीनिंग की जाएगी. इनमें आनुवंशिक, मेटाबॉलिक और अन्य जन्मजात विकार शामिल हैं. सरकार के अनुसार, शुरुआती पहचान से बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है.

दिल्ली सरकार स्क्रीनिंग कवरेज को मौजूदा करीब 1.5 लाख नवजातों से बढ़ाकर 2.5 लाख तक करने की दिशा में काम कर रही है. सरकार का कहना है कि अब तक 75,000 से अधिक नवजातों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और 700 से ज्यादा बच्चों को समय पर इलाज मिला है.

SOTTO भवन और नर्सिंग होम पोर्टल शुरू

जी.बी. पंत अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTTO) के नए भवन का उद्घाटन भी किया गया. इसका उद्देश्य अंग और ऊतक दान तथा प्रत्यारोपण से जुड़ी गतिविधियों के समन्वय, जागरूकता और संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करना है. मुख्यमंत्री ने लोगों से अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की.

निजी नर्सिंग होम के लिए नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल भी लॉन्च किया गया. इसके जरिए रजिस्ट्रेशन और नवीनीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. आवेदन, दस्तावेज जमा करने और स्थिति की जानकारी लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर कम करने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार के अनुसार, डिजिटल व्यवस्था से रिकॉर्ड प्रबंधन और निगरानी अधिक व्यवस्थित हो सकेगी.