दिल्ली के बापरोला इलाके में खुले मैनहोल में गिरे चार वर्षीय बच्चे का शव करीब 24 घंटे बाद निलोठी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में मिला. पुलिस के अनुसार, शव कई हिस्सों में मिला है. पहचान की पुष्टि के लिए DNA प्रोफाइलिंग कराई जाएगी. शव को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा.

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को दोपहर करीब 3:21 बजे रन्होला थाने को बच्चे के सीवर में गिरने की सूचना मिली. बच्चा अपनी मां के साथ दास गार्डन पार्क गया था. नांगली विहार एक्सटेंशन में खेरी बाबा पुल के पास नाले की ओर जाते समय वह खुले मैनहोल में गिर गया.

सूचना के बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, स्थानीय गोताखोरों और NDRF ने खोज अभियान शुरू किया. टीमों ने सीवर और उससे जुड़े नाले में करीब सात घंटे तक तलाश की, लेकिन रात में अंधेरा और कम दृश्यता के कारण अभियान रोकना पड़ा. बुधवार सुबह तलाश दोबारा शुरू हुई.

सीवर लाइन का रास्ता नाले से जुड़ा होने के कारण टीमों को बच्चे का पता लगाने में कठिनाई हुई. खोज दल सीवर और नाले के रास्ते निहाल विहार के निलोठी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचा, जहां शव मिला.

पुलिस को आशंका है कि प्लांट में गंदे पानी की प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली बड़ी घूमने वाली मशीनों से शव को नुकसान पहुंचा हो सकता है. इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम और जांच के बाद होगी.

दिल्ली जल बोर्ड के बयान के अनुसार, संबंधित मेंटेनेंस इंजीनियर को मंगलवार शाम 5:22 बजे घटना की जानकारी दी गई थी. विभाग का कहना है कि मैनहोल का ढक्कन कुछ शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त किया था. अधिकारियों के मुताबिक, इंटरसेप्टर सीवर लाइन नजफगढ़ नाले की बंद बाउंड्री वॉल के नीचे से गुजरती है और यह हिस्सा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है.