दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर एक्सटेंशन में शुक्रवार शाम तीसरी मंजिल से कथित तौर पर फेंके गए LPG सिलेंडर की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने मृतक की पहचान साहिल के रूप में की है. वह उसी इमारत की पहली मंजिल पर रहता था और साप्ताहिक बाजार में काम करता था. उसके परिवार में 21 वर्षीय पत्नी, करीब डेढ़ साल का बेटा और मां हैं.

पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले इमारत के पार्किंग क्षेत्र में रहने वाले लोगों के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि इसके बाद तीसरी मंजिल पर रहने वाले 24 वर्षीय शिवम शर्मा उर्फ शिव ने गुस्से में सिलेंडर नीचे फेंक दिया. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आरोपी के सुबह से शराब पीने और काम पर नहीं जाने की जानकारी मिली है.

दाबड़ी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज की जांच कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी.