दिल्ली भाजपा ने प्रदेश इकाई के लिए 12 सदस्यीय कोर कमेटी का गठन किया है. समिति में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा और कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है.
28 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, हर्ष मल्होत्रा समिति का नेतृत्व करेंगे. पूर्व केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा, विधायक सतीश उपाध्याय, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और मनोज तिवारी भी समिति के सदस्यों में शामिल हैं.
दिल्ली सरकार की ओर से मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और आशीष सूद को भी जगह दी गई है. कांग्रेस से भाजपा में आए विधायक अरविंदर सिंह लवली का नाम भी समिति में है.
कोर कमेटी के अलावा पार्टी ने तीन विशेष आमंत्रित सदस्य नामित किए हैं. इनमें दिल्ली भाजपा के प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे तथा सह-प्रभारी जमयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शना जरदोश शामिल हैं.
समिति का गठन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देश पर किया गया है. इसका उद्देश्य दिल्ली संगठन और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा पार्टी से जुड़े प्रमुख राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर निर्णय प्रक्रिया को व्यवस्थित करना है.
