नई दिल्ली में BJP के प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पैदल मार्च के मद्देनजर बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को चांदनी चौक और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रह सकता है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे के बीच प्रमुख सड़कों पर प्रतिबंध या यातायात नियंत्रण लागू किया जा सकता है.
मार्च के करीब 4 बजे शुरू होने की संभावना है. यह गौरी शंकर मंदिर से टाउन हॉल तक प्रस्तावित है. इस दौरान नेताजी सुभाष मार्ग और निषाद राज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सीमित या नियंत्रित की जा सकती है.
इन स्थानों पर डायवर्जन
ट्रैफिक डायवर्जन छत्ता रेल चौक, हनुमान सेतु के नीचे, राजा राम कोहली मार्ग, सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, दिल्ली गेट और शांति वन चौक पर लागू किए जा सकते हैं. दिल्ली गेट और दरियागंज से लाल किले की ओर जाने वाली बसों को राजघाट की ओर मोड़ा जाएगा. ISBT से नेताजी सुभाष मार्ग की ओर आने वाले वाहनों को छत्ता रेल चौक पर डायवर्ट किया जा सकता है.
पुलिस ने लोगों से चांदनी चौक क्षेत्र से यथासंभव बचने, यात्रा पहले से तय करने और निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है.
मार्च में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली BJP अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसदों और अन्य नेताओं के शामिल होने की संभावना है.
