भारतीय जनता पार्टी 1 नवंबर को दिल्ली में सिख समुदाय और 1984 के सिख-विरोधी दंगों के पीड़ितों के साथ विरोध मार्च निकालेगी. यह मार्च तिलक नगर से हरि नगर तक सुबह 11 बजे प्रस्तावित है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें 5,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.

मार्च में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के सिख चेहरे भी शामिल हो सकते हैं. इनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के नाम सामने आए हैं.

यह आयोजन उसी दिन हो रहा है, जब INDIA ब्लॉक ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली का कार्यक्रम रखा है. विपक्षी दलों की रैली से पहले मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक मार्च प्रस्तावित है.

INDIA ब्लॉक की रैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित की जा रही है. भाजपा ने रैली की तारीख पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि 1 नवंबर 1984 के सिख-विरोधी दंगों की बरसी से जुड़ा संवेदनशील दिन है.

भाजपा का प्रस्तावित मार्च इसी मुद्दे को उठाते हुए विपक्षी रैली का राजनीतिक विरोध करेगा. दिल्ली में दोनों कार्यक्रमों के चलते सुरक्षा और यातायात प्रबंधों पर भी प्रशासन का ध्यान रहेगा.