नई दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण नियमों के तहत वाहनों की सख्त जांच के कारण सोमवार को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से जुड़े दिल्ली के कई बॉर्डरों पर लंबी कतारें लग गईं. दिल्ली-गुरुग्राम, दिल्ली-नोएडा, दिल्ली-गाजियाबाद, दिल्ली-सोनीपत और दिल्ली-नजफगढ़ मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा.
दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर NH-48 और सिरहौल टोल प्लाजा के आसपास कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार देखी गई. नोएडा और गाजियाबाद की सीमाओं पर भी वाहनों को रोककर उनके उत्सर्जन मानक और दस्तावेज जांचे गए.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें BS-VI मानक पूरे नहीं करने वाले वाहनों को वापस भेज रही हैं. नियमों के उल्लंघन और अधूरे दस्तावेजों पर चालान भी किए जा रहे हैं.
रविवार को सुबह से रात आठ बजे तक 7,279 वाहनों की जांच की गई. इनमें 714 वाहनों को सीमा से लौटाया गया, 10 के चालान किए गए और 38 वाहन जब्त किए गए.
1 नवंबर से लागू व्यवस्था के तहत दिल्ली में पंजीकृत नहीं होने वाले BS-VI से कम मानक वाले पेट्रोल और डीजल वाहनों के प्रवेश पर रोक है. इलेक्ट्रिक, CNG और BS-VI मानक वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है. राजोकरी, DND फ्लाईवे, गाजीपुर, सिंघु, टिकरी और बदरपुर समेत कई प्रवेश बिंदुओं पर जांच जारी है.
