नई दिल्ली में 11 से 13 सितंबर 2026 तक होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी की गई है. सम्मेलन का आयोजन भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होना है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और वीआईपी काफिलों की आवाजाही के दौरान कई सड़कों पर अस्थायी रूप से ट्रैफिक नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है.

यातायात योजना में 22 डायवर्जन प्वाइंट और 35 से अधिक सड़कों पर संभावित असर का उल्लेख है. सेंट्रल और दक्षिणी दिल्ली के जिन प्रमुख मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है, उनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, मथुरा रोड, बाराखंभा रोड, जनपथ, अशोका रोड, शांति पथ, अफ्रीका एवेन्यू और पंचशील मार्ग शामिल हैं.

पुलिस ने यात्रियों को यात्रा की योजना पहले बनाने, अतिरिक्त समय लेकर निकलने और जहां संभव हो मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से भी संभावित देरी को देखते हुए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने को कहा गया है. प्रतिबंधित सड़कों पर पार्किंग से बचने और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देश मानने की अपील की गई है.