दिल्ली सरकार ने युवाओं, शोधकर्ताओं और उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए ‘गो-दिल्ली फाउंडेशन’ के गठन को मंजूरी दी है. इसके लिए ₹50 करोड़ की प्रारंभिक बजट राशि स्वीकृत की गई है. फाउंडेशन का उद्देश्य स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के लिए साझा सहयोग तंत्र तैयार करना है.
यह फाउंडेशन दिल्ली सरकार के उद्योग विभाग के तहत काम करेगा और Companies Act, 2013 की धारा 8 के तहत गैर-लाभकारी कंपनी के रूप में स्थापित किया जाएगा. इसके जरिए स्टार्टअप्स और एमएसएमई को उत्पाद इंजीनियरिंग, प्रोटोटाइप निर्माण, प्रयोगशालाओं और परीक्षण सुविधाओं तक पहुंच देने की योजना है.
विचार से बाजार तक सहयोग
फाउंडेशन तकनीकी मार्गदर्शन, मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन, बौद्धिक संपदा अधिकारों से जुड़ी सहायता और निवेशकों से संपर्क उपलब्ध कराएगा. इसका लक्ष्य शुरुआती विचारों को परीक्षण और प्रमाणन की तैयारी के बाद बाजार में उतारे जा सकने वाले उत्पादों में बदलना है.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, राजधानी में DPIIT से मान्यता प्राप्त करीब 21 हजार स्टार्टअप हैं. फाउंडेशन इन स्टार्टअप्स, शैक्षणिक संस्थानों, शोध सुविधाओं, उद्योग और निवेशकों को एक साझा मंच से जोड़ने पर काम करेगा.
सरकारी विभाग अपनी वास्तविक चुनौतियां भी नवाचारकर्ताओं के सामने रख सकेंगे. विकसित समाधानों का पायलट आधार पर परीक्षण किया जाएगा और सफल तकनीकों को आगे अपनाने पर विचार होगा. यह पहल दिल्ली की ₹400 करोड़ की स्टार्टअप और इनक्यूबेशन नीति के साथ मिलकर काम करेगी.
