दिल्ली में छठ पूजा के दौरान 15 और 16 नवंबर 2026 को कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिलों में यमुना घाटों, तालाबों और पूजा स्थलों पर भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था बदली जाएगी.
वाहन चालकों को शांति वन से श्मशान घाट, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स और शास्त्री पार्क से खजूरी खास चौक के बीच पुस्ता रोड से बचने की सलाह दी गई है. ये प्रतिबंध दोनों दिशाओं में लागू रहेंगे.
उत्तर, मध्य और पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. नानकसर और सोनिया विहार जाने वाले लोग खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड, सभापुर गांव और सोनिया विहार-चौहान पट्टी वाला मार्ग ले सकते हैं. रोड नंबर 66 से एसडीएम कार्यालय की ओर डायवर्जन लेकर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की तरफ यू-टर्न का विकल्प भी बताया गया है.
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने, सड़क किनारे वाहन नहीं खड़ा करने और यात्रा से पहले मार्ग की स्थिति जांचने की अपील की है. इसके अलावा, 14 से 27 नवंबर तक भारत मंडपम में India International Trade Fair के कारण मथुरा रोड और आसपास के मार्गों पर भी भारी यातायात की संभावना है.
