दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान लगाई गई पाबंदियों के बाद रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक परिवहन और अन्य सेवाएं बहाल कर दी गईं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के मुताबिक, नेटवर्क के सभी स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं. स्टेशनों के बीच इंटरचेंज की सुविधा भी सामान्य रूप से बहाल हो गई है.
इससे पहले सुरक्षा कारणों से 45 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखा गया था. इन स्टेशनों को शुक्रवार रात 9 बजे से बंद किया गया था और शनिवार रात 10 बजे तक बंद रखने का निर्देश था. हालात सामान्य होने के बाद अब मेट्रो नेटवर्क पर सेवाएं पूरी तरह शुरू हो गई हैं.
भारतीय रेलवे ने भी नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों से ट्रेनों का संचालन रविवार से नियमित शेड्यूल के अनुसार शुरू करने का फैसला लिया है. 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान यातायात प्रभावित होने की आशंका के कारण इन दोनों स्टेशनों से आने-जाने वाली 38 ट्रेनें रद्द की गई थीं. इनमें मगध एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस और शताब्दी एक्सप्रेस शामिल थीं.
आनंद विहार टर्मिनल, पुरानी दिल्ली, सराय रोहिल्ला और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर शनिवार को भी रेल सेवाएं सामान्य रही थीं. रेलवे प्रशासन के अनुसार, अब संपूर्ण रेल नेटवर्क पर सेवाएं बहाल हैं.
चिल्ला बॉर्डर और बाजारों में भी सामान्य स्थिति
दिल्ली-नोएडा चिल्ला बॉर्डर पर सुरक्षा बलों की तैनाती कम कर दी गई है. वाहनों की जांच बंद है और दोनों शहरों के बीच यातायात सामान्य बताया गया है. प्रदर्शन के कारण बंद कनॉट प्लेस और आसपास के बाजार भी खुल गए हैं. दो दिन से बंद शराब की दुकानें भी रविवार से फिर खुल गईं.
