नई दिल्ली में Cockroach Janta Party (CJP) के प्रस्तावित तिरंगा मार्च को देखते हुए पुलिस ने कनॉट प्लेस और मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी है. CJP ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के साथ जुटने की अपील की है. आम आदमी पार्टी ने भी समर्थकों से बड़ी संख्या में पहुंचने को कहा है.
पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं. पुलिस ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली सभा में शामिल लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. हालांकि, अधिकारियों ने उपयुक्त स्थान पर सीमित संख्या में लोगों को तिरंगा लेकर राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने की संभावना जताई है.
सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 6,000 से 7,000 पुलिसकर्मी और सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं. राजीव चौक, जनपथ, संसद मार्ग, रफी मार्ग, रेल भवन, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस और इंडिया गेट के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है. इन इलाकों में बैरिकेडिंग, पैदल आवाजाही और वाहनों की आवाजाही नियंत्रित किए जाने से ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है.
NDMC ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने की सूचना दी है.
