दिल्ली में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शुक्रवार को सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है. अयानगर में भी न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया.
राजधानी का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 270 रहा और हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज हुई. हालांकि, पिछले दिन के 280 के मुकाबले इसमें मामूली सुधार हुआ, लेकिन कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर ‘बहुत खराब’ श्रेणी तक पहुंच गया.
सिरीफोर्ट में AQI 348, जेएनयू में 336, पूसा में 335 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 333 दर्ज किया गया. आईटीओ और घोघा में यह 321, जबकि पंजाबी बाग में 310 रहा.
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्ली में शुष्क मौसम, ठंडी सुबह और सुबह के समय कोहरे का अनुमान जताया है. 21 नवंबर को राजधानी में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है और अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
