दिल्ली में इस महीने अब तक की सबसे ठंडी रात रविवार को दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस समय के सामान्य तापमान से 1.3 डिग्री कम है.

यह तापमान शनिवार के मुकाबले 1.5 डिग्री कम रहा. राजधानी के अन्य मौसम केंद्रों पर भी रात अपेक्षाकृत ठंडी रही. पालम में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री, जबकि लोधी रोड और आया नगर में 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रिज क्षेत्र में तापमान 17.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है.

सोमवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में दिल्ली के पांच मौसम केंद्रों में बारिश दर्ज नहीं हुई. IMD ने दिन में मुख्यतः साफ आसमान रहने का अनुमान जताया है. अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार सुबह 8 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 118 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है.