नई दिल्ली में गुरुवार, 29 अक्टूबर को अक्टूबर की सबसे ठंडी दोपहर दर्ज की गई. सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम है. यह अक्टूबर में 8 अक्टूबर 2022 के बाद सबसे कम अधिकतम तापमान है. उस दिन अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था.

राजधानी में सुबह से बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई. सफदरजंग में 24 घंटे की अवधि में 0.5 मिलीमीटर और पालम में 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के झरोदा कलां में शाम तक सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई.

उत्तर भारत में भी तापमान नीचे

हरियाणा के करनाल में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब नौ डिग्री कम है. अंबाला में यह 23.8 डिग्री और पंजाब के पटियाला में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. बारिश और बादलों के बावजूद दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 222 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है.