नई दिल्ली में गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया. सफदरजंग स्थित मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम है. यह अक्टूबर में चार वर्षों का सबसे कम अधिकतम तापमान है.
मौसम संबंधी रिकॉर्ड के मुताबिक, इससे कम अधिकतम तापमान आखिरी बार 8 अक्टूबर 2022 को दर्ज हुआ था, जब पारा 23.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था. गुरुवार सुबह से राजधानी में बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई.
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है. विभाग ने दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किए हैं.
बारिश और ठंडे मौसम के बावजूद दिल्ली की औसत वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, गुरुवार को शहर का औसत AQI 222 दर्ज हुआ, जबकि बुधवार को यह 229 था.
