दिल्ली में 30 अक्टूबर 2026 को अक्टूबर महीने की अब तक की सबसे ठंडी दोपहर दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा. यह अक्टूबर में 1951 के बाद दर्ज किया गया सबसे कम अधिकतम तापमान है.
इससे पहले अक्टूबर में सबसे कम अधिकतम तापमान 25 अक्टूबर 1975 को 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. इसके बाद 31 अक्टूबर 1961 को 21.9 डिग्री और 18 अक्टूबर 1971 को 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
30 अक्टूबर का अधिकतम तापमान सामान्य से 10.3 डिग्री कम रहा. राजधानी में लगातार बारिश, बादल छाए रहने और हवाओं की दिशा में बदलाव से दिन के तापमान में तेज गिरावट आई. मौसम के इस बदलाव के कारण दिल्ली में लोगों को अक्टूबर के अंत में ही सर्दियों जैसे हालात महसूस हुए.
सफदरजंग केंद्र पर अक्टूबर 2026 में बारिश भी सामान्य से काफी अधिक रही. 30 अक्टूबर तक यहां महीने की कुल बारिश 123.3 मिलीमीटर दर्ज की गई, जबकि अक्टूबर का सामान्य औसत 15.1 मिलीमीटर है.
