दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों की छात्रा प्रतिनिधियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर महिला सुरक्षा और कॉलेजों से जुड़ी समस्याओं पर सुझाव दिए. बैठक में स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक परिवहन, सीसीटीवी निगरानी और शिकायतों के निस्तारण जैसे मुद्दे प्रमुख रहे.

छात्राओं ने कॉलेजों के आसपास डार्क स्पॉट और संवेदनशील स्थानों का सुरक्षा ऑडिट कराने, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने और नियमित पुलिस गश्त की मांग की. उन्होंने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के प्रचार, पिंक बूथों पर शिकायतों की प्रभावी सुनवाई और कॉलेजों में शिकायत पेटियों की नियमित जांच का सुझाव भी दिया.

ऑफ-कैंपस और दूरदराज स्थित कॉलेजों की छात्राओं ने डीटीसी तथा यूनिवर्सिटी स्पेशल बसों की पर्याप्त उपलब्धता और निर्धारित स्टॉप पर बसें रोकने की समस्या उठाई. कुछ क्षेत्रों में ई-रिक्शा और छात्राओं के रहने वाले पीजी इलाकों की सुरक्षा पर भी ध्यान देने की मांग की गई.

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों, पुलिस और कॉलेज प्रशासन के बीच समन्वय कर सुझावों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया. छात्राओं और अधिकारियों के बीच बनाए गए वॉट्सऐप समूह को शिकायतों के फॉलो-अप के लिए सक्रिय रखने की बात भी कही गई. बैठक में लेडी श्रीराम, गार्गी, दौलत राम, जीसस एंड मैरी, मैत्रेयी और अन्य कॉलेजों की प्रतिनिधियां शामिल हुईं.