नई दिल्ली की विशेष NIA अदालत ने अलगाववादी नेता यासीन मलिक और छह अन्य आरोपियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने का आदेश दिया है. प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, आरोपियों पर पाकिस्तानी प्रतिष्ठान से हवाला चैनलों के जरिए विदेशी फंड हासिल करने और उसे जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप है.

अदालत ने 9 सितंबर के आदेश में कहा कि सभी सात आरोपियों के खिलाफ PMLA की धारा 3 के तहत प्रथमदृष्टया पर्याप्त सामग्री और ‘मजबूत संदेह’ मौजूद है. यह अपराध PMLA की धारा 4 के तहत दंडनीय है.

मामले में यासीन मलिक के अलावा जहूर अहमद शाह वटाली, अब्दुल रशीद शेख, शब्बीर अहमद शाह, नवल किशोर कपूर, मसरत आलम भट और Trison Farms and Construction Pvt Ltd आरोपी हैं. ED ने जांच में अपराध से जुड़े धन की मात्रा करीब 8.94 करोड़ रुपये बताई है.

सुरक्षा कारणों से कुछ आरोपियों को अदालत में पेश नहीं किया जा सका. अदालत ने ED को न्यायिक हिरासत में आरोपियों से आरोपों पर हस्ताक्षर कराने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को होगी. आरोप अभी अदालत में विचाराधीन हैं और आरोप तय होना दोषसिद्धि नहीं है.