दिल्ली में वायु प्रदूषण के दौरान मॉनिटरिंग स्टेशनों की रीडिंग गायब दिखने और निजी प्लेटफॉर्म पर अधिक AQI दर्ज होने के बाद केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) अपनी निगरानी प्रणाली की समीक्षा कर रहा है. बोर्ड मौजूदा 500 की AQI सीमा से आगे के प्रदूषण स्तर को दर्ज करने के विकल्पों पर विचार कर रहा है.

CPCB के अनुसार, राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (NAQI) वर्ष 2015 में तैयार किया गया था. मौजूदा व्यवस्था में 500 या उससे अधिक AQI को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है. बोर्ड का कहना है कि इस स्तर के बाद संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य-जोखिम की श्रेणी नहीं बदलती, इसलिए सूचकांक को वहीं सीमित किया गया है.

हालांकि, अत्यधिक प्रदूषण के दौरान कुछ स्टेशनों पर पार्टिकुलेट मैटर की रीडिंग उपकरण की निर्धारित माप सीमा से ऊपर चली गई. स्वचालित डेटा सत्यापन प्रणाली ऐसी रीडिंग को माप सीमा से बाहर मानकर गणना से हटा देती है, जिससे कुछ घंटों का डेटा गैप दिखाई दे सकता है.

CPCB ने यह भी स्पष्ट किया कि उसका AQI आठ प्रदूषकों और पिछले 24 घंटे के औसत पर आधारित होता है, जबकि कुछ निजी ऐप अलग सेंसर, ब्रेकपॉइंट और तात्कालिक रीडिंग का इस्तेमाल करते हैं. इसी वजह से दोनों के आंकड़ों में बड़ा अंतर दिख सकता है.