दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच पार्टी नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को पूछताछ के लिए दोबारा नोटिस भेज सकती है. दोनों को इससे पहले गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए. उन्होंने पुलिस से अतिरिक्त समय मांगा है.

दोनों नेताओं को बुधवार को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट से जमानत मिली थी. अदालत के आदेश के बाद उन्हें 50-50 हजार रुपये के बॉन्ड पर रिहा किया गया. पुलिस ने 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दोनों को हिरासत में लिया था.

जंतर-मंतर जाने से जुड़े मामले

सरकार ने 12 अक्टूबर को जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया था. इसके अगले दिन आशुतोष रांका और सौरव दास तिरंगा लेकर वहां पहुंचे. पुलिस ने शांति नियमों के उल्लंघन के आरोप में उन्हें पांच दिन के लिए जेल भेजा था. 19 अक्टूबर को उनकी हिरासत दो दिन और बढ़ाई गई थी.

दोनों नेताओं के कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर जाने से जुड़े दो मामले दर्ज किए गए थे. कनॉट प्लेस वाला मामला 20 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच को सौंपा गया था. अब जंतर-मंतर से जुड़ी जांच भी क्राइम ब्रांच करेगी.

नेहा बोरा की याचिका पर हाईकोर्ट में फैसला

दिल्ली हाईकोर्ट AISA अध्यक्ष नेहा बोरा की उस याचिका पर फैसला सुनाने वाला है, जिसमें उन्होंने दिल्ली पुलिस के नोटिस को चुनौती दी है. नोटिस में जांच के दौरान शांति बनाए रखने के लिए 10 हजार रुपये का निजी मुचलका और एक जमानतदार देने को कहा गया था.

इससे पहले हाईकोर्ट ने मामले में तत्काल हस्तक्षेप से इनकार करते हुए नेताओं को पहले मजिस्ट्रेट के फैसले का इंतजार करने को कहा था.

इसी बीच ‘पीपल अगेंस्ट SIR’ गठबंधन ने देशभर में प्रदर्शन का आह्वान किया है. आयोजक स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. गठबंधन के अनुसार, इसके गठन से जुड़ी बैठक में 200 से अधिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था.