दिल्ली में डेटिंग ऐप के जरिए पुरुषों को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर वसूली करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, गिरोह फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करता था और उन्हें मिलने के लिए बुलाता था.

जांच के मुताबिक, पीड़ितों को किराये के फ्लैट या सुनसान जगहों पर ले जाने के बाद आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर फर्जी छापेमारी करते थे. इसके बाद पुरुषों को दुष्कर्म या अन्य आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देकर ‘समझौते’ के नाम पर बड़ी रकम मांगी जाती थी.

पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को पकड़ा. इनमें संपत्ति कारोबारी सुशील कुमार भी शामिल है, जो कथित तौर पर पुलिस की वर्दी पहनकर गिरोह की योजना को विश्वसनीय बनाता था. उसके तीन सहयोगियों की पहचान दीपक, विनोद पंडित और नीरज त्यागी के रूप में हुई है.

पुलिस के मुताबिक, एक शिकायत में पीड़ित से 15 लाख रुपये मांगे गए थे. मामले में फर्जी प्रोफाइल चलाने वाली एक महिला समेत कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.