दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अपने खेल परिसरों में एकल-उपयोग वाली प्लास्टिक बोतलों पर रोक लगा दी है. यह कदम राजधानी में चल रहे एक माह के ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का हिस्सा है. अभियान 17 सितंबर से शुरू हुआ था और इसमें पार्कों, हरित क्षेत्रों, खेल परिसरों तथा मनोरंजन स्थलों को शामिल किया गया है.
DDA के अनुसार, खेल सुविधाओं से अब तक करीब 2.5 टन कचरा एकत्र किया जा चुका है. परिसरों में पानी के डिस्पेंसर, स्टील के कूड़ेदान और गीले-सूखे कचरे के लिए हरे-नीले रंग के अलग डिब्बे लगाए गए हैं. लोगों को कूड़ा निर्धारित डिब्बों में डालने और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
अभियान के दायरे में साकेत, नेताजी सुभाष, हरि नगर, पश्चिम विहार, द्वारका, मेजर ध्यान चंद, पूर्वी दिल्ली, चिल्ला और यमुना खेल परिसरों के अलावा कुतुब गोल्फ कोर्स तथा DDA लेक व्यू गोल्फ कोर्स शामिल हैं.
DDA ने ‘Bin Before Overflow’, ‘Capital’s Promise’ और ‘Children to the Green’ जैसी पहलों के जरिए कूड़ेदानों की निगरानी, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई और बच्चों की पर्यावरणीय भागीदारी पर भी जोर दिया है. अभियान में 75 निवासी कल्याण संघों के साथ विद्यार्थी, बच्चे, पार्क उपयोगकर्ता और स्थानीय समुदाय शामिल हैं.
