दिल्ली में इस साल डेंगू के मामलों की संख्या बढ़कर 695 हो गई है. नगर निगम की वेक्टर-बॉर्न डिजीज रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर के पहले सप्ताह में 98 नए मामले दर्ज किए गए. सितंबर में डेंगू के 286 मामले सामने आए थे, जो इस वर्ष किसी एक महीने में सबसे अधिक हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर के पहले सप्ताह में मलेरिया के 23 नए मामले भी मिले, जिससे इस साल मलेरिया के कुल मामले 266 हो गए. 2026 में अब तक डेंगू या मलेरिया से किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है.
मामले बढ़ने के बाद एमसीडी ने मच्छर नियंत्रण अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं. संवेदनशील इलाकों में फॉगिंग, लार्वा-रोधी कार्रवाई और सफाई अभियान चलाने के साथ मंदिरों और रामलीला स्थलों के आसपास भी नियमित निरीक्षण किया जा रहा है. घर-घर जांच कर मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान करने पर जोर दिया गया है.
नगर निगम के अनुसार, इस वर्ष घरेलू ब्रीडिंग चेकर्स ने 3.18 करोड़ से अधिक घरों का निरीक्षण किया. कार्रवाई के तहत 1,32,172 कानूनी नोटिस जारी किए गए, 20,882 अभियोजन शुरू हुए और 29.70 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया. कांग्रेस ने डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार और एमसीडी की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं.
