दिवाली की रात पटाखों के धुएं से दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता और बिगड़ गई. शहर में कई इलाकों पर धुंध की मोटी परत छा गई और दृश्यता प्रभावित हुई. रात 10 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 371 दर्ज किया गया.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वर्गीकरण में 301 से 400 के बीच AQI को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार दिल्ली के 20 निगरानी केंद्रों पर AQI गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया.
दिवाली से पहले वायु गुणवत्ता में संभावित गिरावट को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान यानी GRAP के तहत चरणबद्ध पाबंदियां लागू की गई थीं. वायु गुणवत्ता पर नजर रखने वाली एजेंसियों ने 9 नवंबर से कुछ दिनों तक हवा के गंभीर श्रेणी में रहने का अनुमान जताया है.
दिल्ली में प्रमाणित ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अनुमति 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे तथा रात 8 से 10 बजे के बीच दी गई थी. इसके बावजूद दिवाली की रात पटाखों की आवाज और धुएं के बीच राजधानी की हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा.
