दिल्ली में घरेलू कामगार उपलब्ध कराने वाली सभी निजी प्लेसमेंट एजेंसियों के लिए पंजीकरण और लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया है. श्रम विभाग के सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, एजेंसियों को e-District पोर्टल पर आवेदन कर 15 दिन के भीतर लाइसेंस हासिल करना होगा. बिना लाइसेंस संचालन करने वाली एजेंसियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

नोटिस के मुताबिक, आवेदन के साथ घरेलू कामगार और उसे नियुक्त करने वाले नियोक्ता, दोनों का पुलिस सत्यापन जरूरी होगा. नियमों का पालन नहीं करने पर ₹50,000 का जुर्माना लगाया जा सकता है. यह राशि भू-राजस्व के बकाये के रूप में वसूल की जाएगी. इसके अलावा एजेंसी का पंजीकरण और लाइसेंस रद्द करने के साथ अभियोजन की कार्रवाई भी हो सकती है.

2014 के आदेश के तहत नियमन

यह व्यवस्था श्रम विभाग के 25 सितंबर 2014 के कार्यकारी आदेश पर आधारित है. दिल्ली हाईकोर्ट के एक आदेश के अनुसार, इसी व्यवस्था के तहत निजी प्लेसमेंट एजेंसियों को विनियमित करने के लिए दिल्ली निजी प्लेसमेंट एजेंसियां (नियमन) आदेश अधिसूचित किया गया था. एजेंसियों के कामकाज के लिए 2020 में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी मंजूर की गई थी.

श्रम विभाग ने एजेंसियों से तुरंत पंजीकरण और लाइसेंस लेने तथा बिना अनुमति काम बंद करने को कहा है. उन्हें SOP का पालन करने का भी निर्देश दिया गया है.

नियोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे घरेलू कामगार रखने के लिए केवल पंजीकृत एजेंसियों का इस्तेमाल करें. नियुक्ति से पहले एजेंसी का पंजीकरण और लाइसेंस जांचने तथा कामगार का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया है.

नियमों में घरेलू कामगारों की नियुक्ति प्रक्रिया और कार्य परिस्थितियों का उल्लेख है. एजेंसियों को कामगारों का भुगतान बैंक खातों के जरिए करना होगा. महिला और बाल घरेलू कामगारों से जुड़े मामलों में बाल कल्याण समिति और दिल्ली महिला आयोग को भी अधिकार दिए गए हैं.