दिल्ली में निजी बस ऑपरेटरों के ड्राइवरों की हड़ताल रविवार, 20 सितंबर को छठे दिन भी जारी रही. बस सेवा सामान्य करने के लिए डीटीसी ने अपने स्थायी ड्राइवरों और संविदा कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया, लेकिन इससे स्थिति पूरी तरह नहीं सुधरी. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक दिन में करीब 30 से 35 प्रतिशत बसें ही सड़कों पर चल सकीं, जबकि बड़ी संख्या में बसें डिपो में खड़ी रहीं.

रविवार को स्कूल, कॉलेज और दफ्तर बंद होने से यात्रियों पर असर कुछ सीमित रहा. हालांकि आनंद विहार, हसनपुर गांव, कड़कड़डूमा, निर्माण विहार, बुराड़ी और महरौली जैसे इलाकों में यात्रियों को बसों के लिए 50 से 60 मिनट तक इंतजार करना पड़ा. कई लोगों ने ऑटो, ई-रिक्शा और मेट्रो का सहारा लिया.

हड़ताल कर रहे ड्राइवर वेतन बढ़ाने को अपनी प्रमुख मांग बता रहे हैं. बैठकों में मेडिकल सुविधा और बीमा समेत कुछ मांगों पर सहमति बनने की बात सामने आई, लेकिन वेतन वृद्धि का मुद्दा अब भी सुलझा नहीं है.

अधिकारियों के अनुसार 6,630 बसों के संचालन के लिए रोजाना करीब 16,500 ड्राइवरों की जरूरत है. इसके मुकाबले डीटीसी के पास लगभग 7,200 ड्राइवर उपलब्ध हैं, इसलिए सोमवार को यात्रियों की संख्या बढ़ने पर समस्या और गंभीर हो सकती है.