दिल्ली में DTC के कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों की हड़ताल के चौथे दिन शनिवार को बस सेवाएं पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकीं. कुछ रूटों पर बसें लौटने से यात्रियों को राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में लोगों को लंबे समय तक बसों का इंतजार करना पड़ा और वैकल्पिक साधनों पर अधिक किराया देना पड़ा.
DTC ने सेवाएं बहाल करने के लिए 2,693 कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों को अस्थायी तौर पर अलग-अलग डिपो में तैनात किया है. इसके बावजूद प्रदर्शनकारी यूनियन के अनुसार 3,000 से अधिक बसें सड़कों से बाहर रहीं, जिससे कई रूटों पर बसों की उपलब्धता प्रभावित हुई.
हड़ताल 15 सितंबर से जारी है. ड्राइवर वेतन, महंगाई भत्ता, ग्रेड पे, चिकित्सा सुविधा, बीमा, ओवरटाइम भुगतान और अन्य सेवा लाभों की मांग कर रहे हैं.
बस सेवाओं पर दबाव बढ़ने से यात्रियों ने मेट्रो का रुख किया. DMRC के अनुसार 17 सितंबर को मेट्रो में 82,44,903 यात्री बोर्डिंग दर्ज हुईं, जो अब तक का सबसे बड़ा एकदिवसीय आंकड़ा है. यात्रियों को सफर के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है.
