दिल्ली में संविदा बस चालकों की हड़ताल के बीच पांच डिपो के 500 से अधिक चालकों की सेवाएं समाप्त किए जाने की जानकारी सामने आई है. संबंधित चालकों को अपने डिपो के बजाय कार्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं.
बस सेवा को सुचारु रखने के लिए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) अपने चालकों को इनकी जगह तैनात कर रहा है. अधिकारियों के अनुसार, यह व्यवस्था नए चालकों की नियुक्ति या वैकल्पिक प्रबंध होने तक जारी रह सकती है.
संविदा चालक 15 सितंबर से वेतन बढ़ाने और सेवा शर्तों में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनकी मांगों में चिकित्सा और सामाजिक सुरक्षा लाभ, बीमा तथा बेहतर भुगतान व्यवस्था शामिल हैं. हड़ताल के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में बस परिचालन प्रभावित हुआ है.
इस बीच, दिल्ली सरकार ने डीटीसी और उससे जुड़े बस परिचालकों के कर्मचारियों पर छह महीने के लिए हड़ताल संबंधी प्रतिबंध लागू किया है. यह कदम आवश्यक सेवाओं के प्रभावित होने और यात्रियों को हो रही परेशानी के मद्देनजर उठाया गया है.
