दिल्ली में धूल प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा के लिए Commission for Air Quality Management (CAQM) ने दिल्ली सरकार की विभिन्न एजेंसियों के साथ बैठक की. बैठक में आयोग ने सभी संबंधित विभागों को समय-समय पर जारी किए गए अपने वैधानिक निर्देशों का कड़ाई से पालन और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा.

बैठक का फोकस धूल से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने और जिम्मेदार एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर रहा. CAQM के निर्देश दिल्ली-एनसीआर में निर्माण एवं ध्वस्तीकरण गतिविधियों, सड़क की धूल और अन्य स्थानीय प्रदूषण स्रोतों पर नियंत्रण से जुड़े उपायों के लिए लागू होते हैं.

दिल्ली में वायु गुणवत्ता के ‘खराब’ श्रेणी में पहुंचने के बाद Graded Response Action Plan (GRAP) के पहले चरण के तहत धूल नियंत्रण, निर्माण स्थलों की निगरानी और कचरा प्रबंधन जैसे उपायों पर भी जोर दिया जा रहा है. आयोग ने एजेंसियों से निर्देशों को केवल जारी करने तक सीमित न रखते हुए जमीन पर सख्ती से लागू करने की अपेक्षा जताई.