नई दिल्ली में Commission for Air Quality Management (CAQM) और दिल्ली सरकार की संबंधित एजेंसियों ने धूल प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा की. 21 अक्टूबर को हुई बैठक की सह-अध्यक्षता CAQM के चेयरपर्सन राजेश वर्मा और दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव ने की.
बैठक में CAQM ने सभी संबंधित एजेंसियों को आयोग की ओर से समय-समय पर जारी वैधानिक निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा. नगर निगम (MCD) को अपने अधिकार क्षेत्र की सड़कों और खुले क्षेत्रों में धूल कम करने के उपाय मजबूत करने का निर्देश दिया गया.
निर्माण गतिविधियों से जुड़े विभागों को भी धूल नियंत्रण उपायों की प्रभावी निगरानी करने को कहा गया. समीक्षा में सामने आया कि कई निर्माण एजेंसियां विंड बैरियर और डस्ट स्क्रीन लगाने जैसे उपायों का पर्याप्त पालन नहीं कर रही हैं. खुदाई के बाद जमा होने वाली मिट्टी और धूल पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) को सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है. जिला मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करनी होगी. उल्लंघन की स्थिति में अधिकारियों और संबंधित परियोजना एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
